देहरादून , सितम्बर 25 -- उत्तराखंड में मौसम विभाग ने शुक्रवार को अगले दो दिनों के लिए पांच जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से बातचीत कर सभी संबंधित जिलों एवं विभागों को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को पांच जिलों में रेड अलर्ट दिया है।

इसके बाद श्री सुमन ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को राज्य के पांच जिलों में रेड अलर्ट, पांच जिलों में ऑरेंज अलर्ट तथा तीन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह 27 सितम्बर को चार जिलाें में रेड, चार जिलों में ऑरेंज तथा पांच जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार 26 सितंबर को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर में रेड अलर्ट, जबकि देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट तथा हरिद्वार, उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी प्रकार 27 सितंबर को देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार में रेड अलर्ट, उत्तरकाशी, चमोली, नैनीताल, रुद्रप्रयाग में ऑरेंज अलर्ट तथा बागेश्वर, अल्मोड़ा, चंपावत, ऊधमसिंह नगर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित