देहरादून , मार्च 30 -- उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के केदारपुर स्थित नारी निकेतन में एक संवासिनी की आत्महत्या की घटना पर सोमवार को घटना स्थल पहुंचकर गंभीरता से पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने नारी निकेतन की अधीक्षिका, अन्य कर्मचारियों तथा शव बरामद करने वाली चौकीदार से विस्तृत पूछताछ की। उन्होंने बताया कि जल्दी राज्य के सभी नारी निकेतनों में मनो चिकित्सक नियुक्त किए जायेंगे, ताकि वहां आने वाली महिलाओं के मनोभावों और मनोस्थिति को चिकित्सकीय रूप से विश्लेषित किया जा सके।

मंत्री श्रीमती आर्या ने देहरादून नारी निकेतन प्रशासन को परिसर के सभी हिस्सों को सीसीटीवी कैमरों से आच्छादित करने, उनकी नियमित लाइव मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने और रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त व्यवस्था लागू की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित