हल्द्वानी , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड में हल्द्वानी के तेजस तिवारी को लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स का प्रमाणपत्र प्राप्त हुआ है।
यह प्रमाणपत्र उन्हें जून 2023 में पांच वर्ष, पांच महीने और सात दिन की आयु में सबसे कम उम्र के एफआइडीई रैंक के शतरंज खिलाड़ी बनने के रिकॉर्ड के लिए प्रदान किया गया ।
लिम्का बुक द्वारा प्रमाणपत्र की जारी तिथि जून 2024 है, जबकि यह प्रमाणपत्र उन्हें अप्रैल 2026 में प्राप्त हुआ।
तेजस की यह उपलब्धि पूर्व में दर्ज हो चुकी है और अब आधिकारिक प्रमाणपत्र प्राप्त होने से इसकी औपचारिक पुष्टि हुई है।
दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल हल्द्वानी के कक्षा तीन के छात्र तेजस ने 3.5 वर्ष की आयु से शतरंज खेलना शुरू किया। तेजस ने कम उम्र से ही अपने खेल के प्रदर्शन से देश- विदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
इससे पूर्व, तेजस को वर्ष 2024 में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्डस से संबंधित एक शतरंज टूर्नामेंट में भागीदारी के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से प्रमाणपत्र भी प्राप्त हो चुका है ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित