देहरादून , अप्रैल 22 -- उत्तराखंड के देहरादून जिला में कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली डोईवाला पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में डोईवाला पुलिस द्वारा क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात हंसूवाला तिराहा क्षेत्र में तलाशी के दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर देसी रायफल और तीन कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित