टिहरी, 30,अगस्त, (वार्ता ) उत्तराखंड के टिहरी जिले में त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का विशेष जांच अभियान जारी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों तथा जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के मार्गदर्शन में 24 अगस्त से संचालित अभियान के तहत विभागीय टीम ने रविवार को मलेथा, कीर्तिनगर, देवप्रयाग और चौरास क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। विभाग ने पूर्ति विभाग और जिला प्रशासन के साथ संयुक्त रूप से मलेथा तथा कीर्तिनगर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी बलवंत चौहान ने देवप्रयाग और चौरास क्षेत्र में होटल, रेस्तरां और परचूनी दुकानों का निरीक्षण किया।

इस दौरान खाद्य पदार्थों के कुल 12 नमूने लिए गए। इनमें बेकरी का एक, खाद्य तेल के दो, मिठाई के दो, अनाज उत्पाद के दो, दूध का एक, पनीर का एक तथा नमकीन के तीन नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा प्रमोद रावत ने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान राजस्व निरीक्षक राय सिंह, जगदीश गैरोला तथा पूर्ति विभाग के ललित मोहन कठैत मौजूद रहे। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित