नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि वह 17 जुलाई को देहरादून में होंगे क्योंकि उत्तराखंड को पेपर लीक का 'केन्द्रबिंदु' बना दिया गया है।
श्री गांधी ने आरोप लगाया कि राज्य में भर्ती परीक्षाओं में ऐसा तंत्र विकसित हो गया है, जहां पटवारी, लेखपाल और अन्य पद योग्यता से नहीं बल्कि अपराधियों द्वारा तय किए गए दामों पर मिलते हैं।
कांग्रेस नेता ने गुरुवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक संदेश में कहा कि सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून बनाया इसके बावजूद पेपर लीक होते रहे। कानून केवल कागजों तक सीमित रहा और प्रश्नपत्र बाजार में बिकते रहे।
उन्होंने कहा कि वर्षों मेहनत करने वाले युवाओं का हक छीन लिया गया है और किसी दूसरे ने पैसे देकर उनकी नौकरी खरीद ली। यह केवल पेपर लीक नहीं, बल्कि युवाओं के रोजगार और भविष्य की चोरी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित