देहरादून , मार्च 21 -- उत्तराखंड में मौसम विभाग ने शनिवार से रविवार शाम पांच बजे तक पर्वतीय जिलों के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात और हिमस्खलन की संभावना जताई है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने बर्फबारी और हिमस्खलन की संभावनाओं को देखते हुए उत्तरकाशी चमोली और पिथौरागढ़ जिलों को खतरे का स्तर तीन में रखा है। जबकि बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों को एक में रखा है।
इन जिलों के जिलाधिकारियों को बताया गया है कि क्षेत्रों में अधिक हिमपात होने की दशा में हिमस्खलन का खतरा हो सकता है। ऐसे में देहरादून के राज्य आपदा परिचालन केंद्र ने इन क्षेत्रों में जन सामान्य के लिए कुछ सावधानी बरतने की सलाह दी है। जिसमें बताया गया है कि दिन और रात दोनों में अपने नजदीकी क्षेत्र में गिर रही बर्फ या फिर हिमस्खलन की जानकारी लेते रहें। हिमस्खलन या बर्फ गिरने की दशा में बर्फ वाले क्षेत्रों में अति आवश्यक होने पर ही आवागमन करें अन्यथा आवागमन करने से बचें।
इसके अलावा यह भी सलाह दी गई है कि हिमस्खलन या बर्फ गिरने के दौरान अपने घरों या अस्थाई आवासों गौशालाओं की छतों पर अधिक बर्फ नहीं जमा होने दें और इस समय-समय पर साफ करते रहें।
बर्फीले क्षेत्रों में आवागमन के दौरान बर्फ के फिसलने पर नजर बनाए रखें। अगर किन्हीं कर्म से अस्थाई रूप से अधिक बर्फ पड़ने वाले क्षेत्रों में निवास कर रहे हैं तो एक या दो दिनों के लिए निचले स्थानों पर चले जाएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित