रुद्रपुर , मई 10 -- उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में बंद घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह के तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण और नगदी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने रविवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत 19 अप्रैल की रात को किच्छा के आवास विकास कॉलोनी स्थित एक बंद मकान पर अज्ञात चोरों ने हाथ साफ कर दिया था।
घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ली थी। अगले दिन 20 अप्रैल को राजेन्द्र कुमार गोयल की तहरीर पर पुलिस ने थाना किच्छा में धारा 305(A)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। विवेचना उपनिरीक्षक जयप्रकाश को सौंपी गई। पुलिस टीमों ने किच्छा, रुद्रपुर, बहेड़ी, बरेली, रामपुर और सितारगंज क्षेत्र के लगभग 500 सीसीटीवी कैमरों की जांच की तथा तकनीकी साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर आरोपियों तक पहुंची।
पुलिस को नौ मई को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की वारदात में शामिल आरोपी केशवनगर क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने सितारगंज के केशवनगर कॉलोनी में दबिश देकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों मेंदीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता निवासी शिव मंदिर शेरगढ़ बहेड़ी, जिला बरेली, उप्र हाल निवासी केशवनगर कॉलोनी, थाना सितारगंज, ऊधमसिंह नगर, अकील अहमद निवासी इस्लामनगर खटीमा, जनपद ऊधम सिंह नगर और दीपक रस्तोगी उर्फ लड्डू निवासी मोहल्ला शाहजहांपुर, जिला शाहजहांपु, उप्र शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 389 ग्राम सोने के आभूषण, 3.417 किलोग्राम चांदी के आभूषण, 3,00,485 रुपये नगद समेत अन्य सामान बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि कुछ जेवरात शाहजहांपुर क्षेत्र के सुनारों को बेचे गए हैं, जिसकी जांच की जा रही है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 117(2), 111, 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मुख्य आरोपी दीपक गुप्ता उर्फ जगदीश गुप्ता के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित डेढ़ दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक किच्छा रवि कुमार सैनी, उपनिरीक्षक जयप्रकाश, दीपक जोशी, पवन जोशी, उमेश कुमार (प्रभारी एसओजी) समेत पुलिस और एसओजी के जवान शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित