टिहरी , मई, 31 -- उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" के तहत रविवार को थाना छाम पुलिस ने कंडीसौड़ बाजार क्षेत्र में किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सघन सत्यापन अभियान चलाया।
अभियान के दौरान बिना सत्यापन के किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक नयी टिहरी एवं क्षेत्राधिकारी चम्बा के पर्यवेक्षण में रविवार को थाना प्रभारी छाम दिलबर सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र में रह रहे किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों, दुकानदारों और मकान मालिकों का सत्यापन किया। इस दौरान जिन लोगों ने अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया था, उनके विरुद्ध पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई, जबकि अन्य व्यक्तियों का मौके पर ही सत्यापन कराया गया।
पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वह अपने यहां रहने वाले किरायेदारों, मजदूरों, घरेलू सहायकों तथा अन्य बाहरी व्यक्तियों का समय पर पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। इससे क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।
टिहरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए भविष्य में भी ऐसे सत्यापन एवं चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित