देहरादून , जून 01 -- उत्तराखंड के आयुष मंत्री मदन कौशिक ने सोमवार को विधान सभा के सभागार कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने आयुर्वेदिक कॉलेज, ऋषिकुल तथा गुरूकुल कांगड़ी हरिद्वार में दवाईयों के वितरण को सुचारू बनाये रखने के लिए अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से उचित कार्यवाही करने को निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय हर्रावाला के संबंध में पूर्व में लिये गये निर्णयों के अनुपालन एवं क्रियान्वयन के स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई।
आयुष मंत्री ने केंदीय आयुष मंत्रालय के साथ आगामी प्रस्तावित बैठक के मद्देनजर विभागीय स्तर पर की जा रही तैयारियों एवं कार्य योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की और कहा कि सभी प्रस्तावों को समय पर पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि आयुष विश्वविद्यालयों में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और इसके लिए अधिकारी उचित कार्यप्रणाली अपनाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विश्वविद्यालयों में टैक्निशियन, लाईब्रेरियन तथा अन्य रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरने के लिए रिक्तियां भेजें।
इस अवसर पर सचिव रंजना राजगुरू, अपर सचिव विजय कुमार जोगदण्डे तथा आयुष विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित