देहरादून , मई 31 -- आगामी 04 और 05 जून को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे की तैयारी का जायजा लेने के लिए रविवार को पार्टी की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा यहां पहुंची। उनके साथ कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव भी पहुंचे हैं।

कुमारी शैलजा ने देहरादून में पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि उत्तराखंड की जनता अब यहां बदलाव चाहती है।

इससे पहले उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, और चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ हरक सिंह रावत के साथ राहुल गांधी के हरिद्वार बाईपास पर प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद प्रदेश मुख्यालय में पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रभारी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 2027 के राज्य विधानसभा चुनाव को गंभीरता से ले रहे हैं। इसीलिए चुनाव से काफी पहले उन्होंने राज्य को दो दिन का समय दिया है जिसमें वह चार जून को अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे और उसी दिन पौड़ी में पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगेम जबकि 5 जून को देहरादून में पार्टी पदाधिकारीयो से संवाद करेंगे।

सुश्री शैलजा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष श्री गांधी का यह दौरा महत्वपूर्ण है और वह इस बात की ओर इशारा करता है कि वह उत्तराखंड की जनता के हर सुख दु:ख में हमेशा साथ खड़े रहते हैं। उत्तराखंड के मुद्दों को हमेशा प्राथमिकता के साथ उठाते हैं। उनका दौरा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम करेगा और वह जोश 2027 का विधानसभा चुनाव जिताने का काम करेगा।

कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने कहा कि आज उत्तराखंड सरकार में आपसी तालमेल की बहुत कमी है। भाजपा नेता, विधायक और मंत्री अंतर कलह में उलझे हुए हैं। यह समय प्रदेश में बदलाव का है। जनता सरकार के कामकाज से खुश नहीं है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए और प्रदेश में बदलाव के लिए कमर कस लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रति पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अब राहुल गांधी के दौरे पर ध्यान केंद्रित कर कार्यक्रम की सफलता पर पूरी शक्ति लगा देनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि श्री गांधी अल्मोड़ा की जनसभा में राज्य के मुद्दों को उठाने का काम करेंगे, क्योंकि भाजपा सरकार राज्य में जनहित के मुद्दों की लगातार उपेक्षा कर रही है। जनहित के मुद्दों पर यह सरकार कुंभकर्णी निंद्रा में सोई हुई है। राज्य में बेटियों को न्याय नहीं मिल रहा है। बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा है। राहुल गांधी अल्मोड़ा की रैली में सरकार की निद्रा को तोड़ने का काम करेंगे।

कांग्रेस नेत्री ने कहा कि पौड़ी में राहुल गांधी जी पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे जिसमें वह पूर्व सैनिकों की समस्याओं को जानने का प्रयास करेंगे। कांग्रेस हमेशा पूर्व सैनिकों के साथ खड़ी रही है और उनके सम्मान और अधिकार के लिए लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी जी स्वयं पौड़ी में पूर्व सैनिकों के बीच पहुंच रहे हैं यह हम सभी के लिए गौरव की बात है।

सुश्री शैलजा ने बताया कि देहरादून में राहुल गांधी प्रदेश पदाधिकारीगणों, पार्टी के पूर्व सांसद, विधायकों, पूर्व विधायक, कांग्रेस जिला अध्यक्षों, नगर अध्यक्ष तथा फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारीयो, एआईसीसी तथा पीसीसी सदस्यों से मुलाकात कर 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सभी को मार्गदर्शन भी देंगे और उनके सुझाव भी आमंत्रित करेंगे।

इस दौरान, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को उठाने का काम करेंगे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह भी बढ़ाएंगे। उनके दौरे से पूर्व सैनिकों को कांग्रेस के साथ जोड़ने में भी मदद मिलेगी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके दौरे की सफलता के लिए कमर कस लेनी चाहिए।

बैठक को चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष पूर्व मंत्री डॉ0 हरक सिंह रावत और चुनाव कैंपेन कमेटी के अध्यक्ष पूर्व मंत्री प्रीतम सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान पूर्व मंत्री मंत्रीप्रसाद मैथानी, हीरा सिंह बिष्ट, नव प्रभात, महामंत्री राजेंद्र भंडारी, उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, महामंत्री विजय सारस्वत, उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, महामंत्री राजेंद्र शाह, नवीन जोशी, गोदावरी थापली, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला, पूर्व सैनिक अध्यक्ष राम रतन सिंह नेगी, नेता प्रभु लाल बहुगुणा, जोत सिंह गुनसोला, प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसोनी, शीशपाल सिंह बिष्ट, डॉ प्रतिमा सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित