ऋषिकेश , मई 27 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में में पेट्रोल की कीमत पहली बार 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंचने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन करते हुए पेट्रोल पंप पर पहुंचे ग्राहकों को "मेलोडी टॉफ़ी" वितरित कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जताई।
कांग्रेस नेताओं ने बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों को आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ का कारण बताया। महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह एडवोकेट एवं पीसीसी सदस्य जयेंद्र रमोला ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम और गरीब परिवारों के लिए घर का खर्च चलाना कठिन बना दिया है। उनका कहना था कि पेट्रोल-डीजल के दामों में वृद्धि का असर परिवहन से लेकर खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं तक साफ दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई को नियंत्रित करने में विफल रही है और जनता को राहत देने के बजाय आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान किए गए वादों और वर्तमान परिस्थितियों के बीच बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।
कांग्रेस नेता ललित मोहन मिश्रा ने कहा कि उत्तराखंड में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर से ऊपर पहुंच चुकी है। उन्होंने इसे सरकार की आर्थिक नीतियों की विफलता बताते हुए जनता से जागरूक रहने और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित