देहरादून , अगस्त 19 -- उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने ओलंपिक-2036 के लिए राज्य की खेल प्रतिभाओं को अभी से तैयार करने के लिए 100 से 150 प्रतिभावान बच्चों की पहचान कर उनका वैज्ञानिक प्रशिक्षण तत्काल शुरू करने के निर्देश दिये हैं। श्री बर्द्धन ने बुधवार को खेल विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक में कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और खेल क्षमता के अनुरूप ऐसे खेलों की पहचान की जाए, जिनमें राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने इन खेलों को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर मिशन मोड में काम करने को कहा। उन्होंने प्रतिभाओं की पहचान के लिए व्यापक स्तर पर 'टैलेंट हंट' आयोजित करने और खिलाड़ियों के चयन के लिए पारदर्शी एवं वैज्ञानिक प्रणाली विकसित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि चयनित खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण, कोचिंग, फिटनेस और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था अभी से सुनिश्चित की जानी चाहिये।
उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं की पहचान स्कूल स्तर से ही की जानी चाहिये। इसके लिए स्कूलों में कार्यरत शारीरिक प्रशिक्षण अनुदेशकों (पीटीआई) को संवेदनशील बनाने और उनकी क्षमता बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जाये, ताकि वे बच्चों की प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने में प्रभावी भूमिका निभा सकें। स्कूलों में सकारात्मक खेल वातावरण विकसित करने की जरूरत पर भी उन्होंने जोर दिया।
श्री बर्द्धन ने खिलाड़ियों के साथ-साथ प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रतिभावान खिलाड़ियों को अच्छे प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाकर भविष्य के लिए प्रशिक्षित कोच के रूप में भी तैयार किया जा सकता है। इससे प्रदेश में आने वाले समय में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बच्चों की पहचान करने, प्रशिक्षकों की उपलब्धता बढ़ाने और प्रशिक्षण शुरू करने की समयसीमा अभी से तय करने के निर्देश दिये। प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि ओलंपिक-2036 को ध्यान में रखते हुए प्रतिभाओं की पहचान, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें तैयार करने की प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से शुरू करना जरूरी है। उचित मंच, प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराकर उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
बैठक में विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव शैलेश बगौली, डॉ. रणवीर सिंह चौहान और अपर सचिव नमामि बंसल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित