पटना, फरवरी 09 -- बिहार सरकार के गन्ना मंत्री संजय कुमार ने राज्य विधानसभा में कहा कि उत्तरप्रदेश की एक और बिहार की दस चीनी मिलों के उपर किसानों के बकाए का भुगतान शीघ्र किया जाएगा।

जदयू विधायक मंजीत सिंह के एक अल्पसूचित प्रश्न का सदन में जवाब देते हुए मंत्री श्री कुमार ने कहा कि उन्हें किसानों की चिंता है और सरकार उत्तरप्रदेश में प्रताप पुर और बिहार की दस चीनी मिलों पर किसानों की गन्ने की बकाया राशि का भुगतान शीघ्र करेगी।

इससे पहले जदयू विधायक श्री सिंह ने सदन में अल्पसूचित प्रश्न के माध्यम से सरकार से पश्चिम चम्पारण जिला के बगहा चीनी मिल में 1214.6 लाख , हरि नगर में 559 लाख , नरकटियागंज में 3958.36 लाख, मझौलिया में 3507.45 लाख , गोपालगंज में 2499.6 लाख , सिधवलिया में 2558.29 रुपया, समस्तीपुर जिला में हसनपुर में 1820.22 लाख , पूर्वी चम्पारण के लौरिया में 1533.98 लाख , सुगौली 660.3 लाख तथा सीतामढ़ी जिले के रीगा चीनी मिल में 512.05 और उत्तर प्रदेश की चीनी मिल प्रतापपुर में 678 लाख गन्ना मूल्य भुगतान अवशेष के बारे में पूछा था। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से जवाब आया है कि ईंख अधिनियम के नियमों के तहत किसानों का भुगतान किया जा रहा है।

श्री सिंह ने सरकार से सवाल पूछा कि अगर सरकार ईंख अधिनियम के नियमो पर चल रही है तो वह बताए कि 'बिहार शुगर केन अधिनियम सप्लाई एंड पर्चेजिंग एक्ट' के तहत उसे कितने दिनों के अंदर किसानों का भुगतान कर देना है।

इस बात पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने कहा कि अच्छा सवाल है, मंत्री स्पष्ट करें। इसके जवाब में मंत्री श्री कुमार ने कहा कि नियमों के तहत सरकार को 15 दिनों के अंदर भुगतान करना है। उन्होंने कहा कि चौदह सौ इकसठ करोड़ बेरानबे लाख पंचानबे हजार के कुल भुगतान में से बारह सौ चालीस करोड़ छियासठ लाख दो हजार का भुगतान किया जा चुका है, जो कुल भुगतान का 84.86 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि वह खुद एक किसान के पुत्र हैं और किसानों की पीड़ा समझते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी किसानों की तरक्की के लिए सतत प्रयत्नशील हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की बकाया राशि का भुगतान शीघ कर दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित