देहरादून/नयी दिल्ली , सितम्बर 28 -- उत्तराखंड में खराब मौसम के कारण कुल 13 विभिन्न स्थानों पर फंसे पर्वतारोहियों में से उत्तरकाशी जिले के दो स्थानों से सोमवार को हैलीकॉप्टर के जरिए 39 व्यक्तियों को बचा लिया गया है।

इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने राष्ट्रीय राजधानी प्रवास के दौरान फोन के जरिये सचिव, आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। साथ ही उन्होंने सभी पर्वतारोहियों एवं पोर्टर्स की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए सभी लापता की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। इसी दौरान, पिछले दो दिनों से स्थगित चारधाम यात्रा आज सुबह फिर से शुरू हो गई है।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में भारी बारिश और भूस्खलन की घटनाओं के बीच उत्तरकाशी के एडेन कोल क्षेत्र से रविवार से फंसे सभी 29 पर्वतारोहियों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से सफलतापूर्वक सुरक्षित निकाला गया है। सभी ट्रेकर्स को उनके घर के लिए भेज दिया गया है। जबकि कालिंदी पास क्षेत्र में वर्तमान समय तक नौ पवर्तरोहियों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड लाया गया है। स्वास्थ्य परीक्षण के पश्चात सभी पर्वतारोहियों का स्वास्थ्य सामान्य पाया गया है। जबकि अन्य को बचाया जा रहा है। जानने की बात है कि रविवार देर रात राज्य में विभिन्न स्थानों पर 179 पर्वतारोहियों के फंसने की सूचना थी। बाद में बागेश्वर जनपद में फंसे 43 पर्वतारोही सरक्षित पाये गए। इसके बाद उत्तरकाशी जनपद में विभिन्न ट्रैकिंग मार्गों पर कुल 136 पर्वतारोही ही फंसे हुए थे।

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी के कारण फंसे पर्वतारोहियों के संबंध में सचिव, आपदा प्रबंधन से दूरभाष पर वार्ता कर राहत एवं बचाव अभियान की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि ट्रैकिंग एवं पर्वतारोहण के लिए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में गए सभी पर्वतरोहियों एवं पोर्टर्स की सुरक्षित वापसी सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों में सभी आवश्यक संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित निकाला जाए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में गए पर्यटकों को सकुशल उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ ही उनके लिए आवश्यक चिकित्सकीय सहायता, भोजन एवं अन्य जरूरी सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित विभाग पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

दूसरी ओर, गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनन्द स्वरूप ने पिछले शनिवार से स्थगित चारधाम यात्रा को आज मौसम साफ होने पर फिर से शुरू होने की जानकारी दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित