देहरादून/उत्तरकाशी , सितम्बर 29 -- उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिला के दुर्गम एवं अत्यधिक ऊंचाई वाले कालिंदी ट्रैक क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर फंसे पर्वतराेहियों को सुरक्षित निकालने के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के नेतृत्व में भारतीय सेना, युकाडा, पैरामिलिट्री बल, पुलिस, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य बचाव इकाइयों के साथ समन्वित रूप से चलाया गया व्यापक बचाव अभियान मंगलवार को सफलतापूर्वक पूर्ण हो गया है।

बचाव अभियान के दौरान विभिन्न ट्रैक रूटों से कुल 67 पर्वतराेहियों को सकुशल निकाला गया। जिनमें ऑडेन कोल से 29 पर्वतराेही, कालिंदी खाल से 19 पर्वतराेही, माउंट जॉगिंग से आठ पर्वतराही, वासुकी ताल के 11 पर्वतराेही शामिल हैं।

बचाव टीम के लीडर एसडीआरएफ के कमांडेंट अर्पण यदुवंशी ने बताया कि इस रेस्क्यू अभियान के दौरान दुर्गम पहाड़ी भू-भाग, अत्यधिक ऊंचाई, तेज हवाओं, प्रतिकूल मौसम, अत्यधिक बर्फबारी एवं कठिन ट्रैकिंग परिस्थितियों के कारण बचाव दलों के सामने अनेक चुनौतियां रहीं। हेली रेस्क्यू के दौरान भी तेज हवाओं एवं मौसम के अनुकूल न होने के कारण उड़ान संचालन में कठिनाइयां सामने आईं। उन्होंने बताया कि इन विषम परिस्थितियों के बावजूद एसडीआरएफ सहित सभी बचाव एजेंसियों के बीच बेहतर आपसी समन्वय एवं टीमवर्क के माध्यम से बचाव अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया और सभी 67 पर्वतारोहियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।

श्री यदुवंशी ने बताया कि सुरक्षित बचाये गए सभी ट्रेकर्स को हर्षिल हेलीपैड पहुंचाने के उपरांत प्राथमिक स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा आवश्यकतानुसार उपचार उपलब्ध कराया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित