कोलकाता , जुलाई 24 -- पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य सरकार कोलकाता में एक नया फिल्म केंद्र बनायेगी और इसका नाम मशहूर बंगाली अभिनेता उत्तम कुमार के नाम पर रखा जायेगा।
श्री अधिकारी ने केओरातला श्मशान घाट पर आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि सरकार कालीघाट स्थित 'उत्तम मंच' का भी नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण करेगी। यह कार्यक्रम उस महान अभिनेता की 47वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित किया गया था जिन्होंने पीढ़ियों तक बंगालियों के दिलों और सुनहरे पद्दे पर राज किया।
श्री अधिकारी ने कहा, "इस साल तीन सितंबर को हम उनकी (उत्तम कुमार की) जन्म शताब्दी मनायेंगे। हमने तीन सितंबर से छह सितंबर तक महानायक की जन्म शताब्दी मनाने का फ़ैसला किया है। जल्द ही तैयारियां शुरू हो जायेंगी और इस दौरान हम कई कार्यक्रम आयोजित करेंगे।" उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कोलकाता में उत्तम कुमार के नाम पर एक फ़िल्म केंद्र बनाने और कोलकाता नगर निगम द्वारा चलाये जा रहे उत्तम मंच के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी है।
उन्होंने कहा, "हमने उत्तम मंच के नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण की ज़िम्मेदारी भी ली है। इन परियोजनाओं के लिए राज्य के बजट में ज़रूरी वित्तीय प्रावधान किये गये हैं।"मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नंदन या रवींद्र सदन में एक तैयारी बैठक होगी जिसकी अध्यक्षता वह खुद करेंगे; इसके बाद शताब्दी समारोह की देखरेख के लिए एक समिति गठित की जायेगी। कई सांस्कृतिक कार्यकर्ता पहले ही नबान्न में उनसे मिल चुके हैं जबकि सांस्कृतिक जगत से जुड़े चार विधायकों ने भी शताब्दी समारोह के संबंध में सुझाव सौंपे हैं। उन्होंने कहा, "हमारे अलावा और भी कई लोग हैं जो महानायक को पसंद करते हैं और बंगाल के फ़िल्म उद्योग की खोई हुई प्रतिष्ठा को वापस लाना चाहते हैं। वे हमारी पुरानी प्रतिष्ठा को और भी बेहतर और शानदार तरीके से और पूरी तरह राजनीति से दूर रहकर बहाल करना चाहते हैं।"मुख्यमंत्री ने राज्य की पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा, हालांकि उन्होंने पार्टी का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा, "हम काफी पीछे रह गए हैं। हमने कई गलतियां की हैं। हमें इस स्थिति से आगे बढ़कर चीजों को फिर से बेहतर बनाना होगा।"उन्होंने महान अभिनेता उत्तम कुमार की 47वीं पुण्यतिथि के अवसर पर केओरातला श्मशान घाट पर उनकी फाइबरग्लास की प्रतिमा का अनावरण किया; इसी जगह पर अभिनेता का अंतिम संस्कार किया गया था। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह प्रतिमा उत्तम कुमार के परिवार की अनुमति से लगायी गयी है और उन्होंने बंगाली सिनेमा और संस्कृति में अभिनेता के अहम योगदान के लिए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार फ़िल्म एवं सांस्कृतिक जगत के लोगों की भागीदारी से शताब्दी समारोह आयोजित करेगी और समिति द्वारा प्रस्तावित तैयारी पर उनके सुझाव भी लेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित