मुंबई , अप्रैल 09 -- अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में गुरुवार को उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद रुपया अंतमें तीन पैसे चढ़कर 92.51 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 52 पैसे की मजबूती के साथ 92.54 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी। रुपये पर आज शुरुआती कारोबार में दबाव देखा गया। यह 10 पैसे की गिरावट में 92.64 रुपये प्रति डॉलर पर खुला। दोपहर के बाद एक समय यह 92.92 रुपये प्रति डॉलर तक टूट गया था। लेकिन बाद में वापसी करते हुए 92.51 रुपये प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने आज पूंजी बाजार से 18 करोड़ डॉलर निकाले।
पिछले कारोबारी दिवस की बड़ी गिरावट के बाद गुरुवार को कच्चे तेल में तेजी रही। लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा 3.7 प्रतिशत चढ़कर 98 डॉलर प्रति बैरल के पार निकल गया।
इन दोनों कारकों ने रुपये पर दबाव बनाया। हालांकि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक में 0.2 प्रतिशत की नरमी से भारतीय मुद्रा को समर्थन मिला।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित