उडुपी , अगस्त 08 -- कर्नाटक के उडुपी जिले के मुदारांगडी में 55 वर्षीय कांग्रेस नेता और कारोबारी डेविड डिसूजा की सरेआम हत्या के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि भागने की कोशिश के दौरान पुलिस पर गोली चलाने वाले एक आरोपी के पैर में गोली लग गयी। शुक्रवार को दोपहर करीब 3.45 बजे सेंट जेवियर चर्च कॉम्प्लेक्स में प्रिंस एंटरप्राइजेज कार्यालय के पास मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने डिसूजा के सिर में गोली मार दी थी। उन्हें उडुपी के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसमें हमलावरों को मोटरसाइकिल पर भागते हुए देखा गया। इसके बाद शिरवा थाना में हत्या का मामला दर्ज किया गया और तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पुख्ता जानकारी मिलने पर पुलिस ने बाइंदूर के मित्रीनाने के पास एक बस को रोका क्योंकि पता चला था कि तीनों संदिग्ध भटकल की ओर जा रहे थे। अभियान के दौरान उत्तर प्रदेश के रहने वाले राजू (42) नाम के एक आरोपी ने पुलिस उप निरीक्षक तेजस्वी को धक्का दिया, पुलिस पर पिस्तौल से गोली चलाई और भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो राजू के पैर में लगी। उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उसके पास से इस्तेमाल की गई पिस्तौल जब्त कर ली गई। पुलिस उप निरीक्षक तेजस्वी भी घायल हो गए और उडुपी जिला अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। बाकी दो आरोपियों उत्तराखंड के अजय रस्तोगी उर्फ अनमोल (23) और बिहार के जियाहुल वजूद शेख उर्फ दीपक (38) को स्थानीय पुलिस की मदद से क्रमशः कुमटा और भटकल से गिरफ्तार किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित