ताशकंद , मार्च 05 -- उज्बेकिस्तान में एक 'टेलेंट हंट" शो का बहुत ही प्यारा सा वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत रहा है। इस वीडियो में बच्चे दिलीप कुमार और वैजयंतीमाला के मशहूर गाने 'उड़ें जब जब जुल्फें तेरी' से लेकर रणवीर सिंह और आलिया भट्ट के 'ढिंढोरा' जैसे बॉलीवुड गानों पर बड़े ही शानदार तरीके से नाचते हुए नजर आ रहे हैं।
इंस्टाग्राम पर साझा किये गये इस वीडियो को अब तक 2.3 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है और 36 लाख से ज्यादा लोगों ने इसे पसंद किया है। लोग इन बच्चों की फुर्ती और उनके अंदाज की प्रशंसा कर रहे हैं।
इंस्टाग्राम के इसी खाते से साझा किये गये एक वीडियो में बच्चे वर्ष 2002 की फिल्म 'दिल है तुम्हारा' के गाने 'दिल लगा लिया' पर नाच रहे हैं। इसमें एक छोटी बच्ची ने गुलाबी रंग का खूबसूरत लहंगा और दुपट्टा पहना है, जबकि उसके साथी कलाकार ने कुर्ता, जैकेट और पगड़ी पहनी हुई है। पीछे एक बड़े लाल रंग के दिल की सजावट के साथ, यह जोड़ी पूरे आत्मविश्वास और जोश के साथ अपनी कला का प्रदर्शन कर रही है। इस नृत्य की सबसे खास बात यह है कि बच्ची ने प्रीति जिंटा के चेहरे के हाव-भाव, उनकी आंखों की चमक और मुस्कान की बिल्कुल वैसी ही नकल की है, जबकि लड़के ने अपने अभिनय से गाने में जान फूंक दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित