उज्जैन , अक्टूबर 12 -- मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह 20 अक्टूबर से उज्जैन स्थित भगवान महाकालेश्वर मंदिर से 'सत्य सनातन स्वाभिमान पैदल यात्रा' शुरू करेंगे। लगभग 930 किलोमीटर की यह यात्रा अयोध्या में भगवान श्रीराम के दर्शन के साथ संपन्न होगी।

उज्जैन जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष भरत पोरवाल ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य राजनीतिक न होकर धार्मिक एवं सामाजिक जनजागरण है। उज्जैन के शिवधाम से अयोध्या के रामधाम तक प्रस्तावित इस यात्रा के दौरान रास्ते में पड़ने वाले गांवों और कस्बों में आमजन से संवाद कर धर्म, आस्था और सनातन परंपराओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यात्रा में प्रतिदिन लगभग 15 किलोमीटर पैदल चलने की योजना है। करीब 930 किलोमीटर की दूरी तय कर यात्रा लगभग 70 दिनों में अयोध्या पहुंचेगी। यात्रा उज्जैन से शुरू होकर तराना, शाजापुर, सारंगपुर, खुजनेर, राजगढ़, चाचौड़ा, आरोन, अशोकनगर और चंदेरी सहित विभिन्न स्थानों से गुजरते हुए उत्तर प्रदेश में प्रवेश करेगी। उल्लेखनीय है कि दिग्विजय सिंह ने वर्ष 2017 में विजयादशमी के अवसर पर नर्मदा परिक्रमा शुरू की थी। इस बार भी उन्होंने अपनी यात्रा के लिए विजयादशमी का दिन चुना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित