उज्जैन , अगस्त 03 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर का कई वर्षों तक प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता पारस जैन का आज प्रातः इंदौर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे लगभग 76 वर्ष के थे।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार पारस जैन का जन्म 20 जून 1950 को उज्जैन में हुआ था। पिछले कुछ समय से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था और इंदौर के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
कई वर्षों तक उज्जैन उत्तर का प्रतिनिधित्व करने वाले पूर्व विधायक जैन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल थे और उज्जैन उत्तर विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक निर्वाचित हुए। उन्होंने वर्ष 1990 से 1998 तक तथा वर्ष 2003 के बाद लगातार कई वर्षों तक उज्जैन उत्तर का विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया।
वे मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे और ऊर्जा, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा सहित कई महत्वपूर्ण विभागों का दायित्व संभाला। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा संगठन में भी उनकी मालवा क्षेत्र के प्रभावशाली नेताओं में पहचान थी।
उनके निधन के समाचार से उज्जैन सहित पूरे मालवा क्षेत्र और प्रदेश की राजनीतिक एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर व्याप्त है। विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित