उज्जैन , मई 03 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में नानाखेड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से लगभग 45 लाख रुपये मूल्य की अवैध बीयर जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर की सूचना पर इंदौर रोड स्थित निनोरा टोल के पास घेराबंदी कर गुजरात नंबर के एक ट्रक को रोका गया। ट्रक चालक रवि चौहान और उसके साथी गरमा गुजरिया, दोनों निवासी आलीराजपुर, को मौके पर पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान ट्रक से करीब 10 हजार 800 बल्क लीटर बीयर बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 45 लाख रुपये आंकी गई है। इसमें लगभग 900 पेटियों में विभिन्न ब्रांड की बीयर पाई गई, जिसे बिना वैध दस्तावेजों के परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार यह अवैध बीयर इंदौर की ओर ले जाई जा रही थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर बीयर और ट्रक को जब्त कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित