उज्जैन , फरवरी 21 -- मध्यप्रदेश के अंतर्राज्यीय उज्जैन-कोटा मार्ग पर आज एक तेज रफ्तार ट्रक ने मेडिकल छात्र को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित विद्यार्थियों ने सड़क पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आगर रोड स्थित आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र हर्षित मेहता शनिवार सुबह कॉलेज गेट के पास सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि छात्र की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
बताया गया है कि मृतक कॉलेज परिसर के हॉस्टल में ही रहता था और सुबह कॉलेज में प्रवेश कर रहा था। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
घटना से आक्रोशित विद्यार्थियों ने उज्जैन-कोटा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और कॉलेज गेट के सामने स्पीड ब्रेकर बनाने तथा भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और समझाइश के बाद जाम खुलवाया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित