उज्जैन , अगस्त 18 -- मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में नागपंचमी पर्व पर वर्ष में केवल एक बार 24 घंटे के लिए खुलने वाले भगवान नागचंद्रेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ा। मंदिर के पट बंद होने तक देशभर से आए 12 लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान नागचंद्रेश्वर के दर्शन कर चुके थे।
विश्व प्रसिद्ध भगवान महाकालेश्वर मंदिर के शीर्ष पर स्थित नागचंद्रेश्वर मंदिर के पट नागपंचमी पर 24 घंटे के लिए खोले गए थे। नागपंचमी और श्रावण सोमवार के संयोग के चलते उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
महाकालेश्वर मंदिर में लगभग चार लाख 80 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि श्रावण सोमवार को निकली बाबा महाकाल की तीसरी सवारी में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। वहीं प्रसिद्ध श्री काल भैरव मंदिर में करीब एक लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।
श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार, नागचंद्रेश्वर मंदिर में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले वर्ष का आंकड़ा पीछे छोड़ दिया। पिछले वर्ष करीब आठ लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 12 लाख से अधिक हो गई।
सामान्य दिनों में महाकालेश्वर मंदिर में करीब ढाई से तीन लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, लेकिन नागपंचमी और श्रावण सोमवार के संयोग से इस बार श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ गई। उज्जैन में उमड़ा यह विशाल जनसैलाब आगामी सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों और बढ़ती धार्मिक आस्था की भी झलक माना जा रहा है। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित