उज्जैन , अप्रैल 29 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार उज्जैन में एक समर्पित एवं अत्याधुनिक कैंसर अस्पताल की स्थापना की दिशा में तैयारी तेज कर दी गई है, जिससे जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर और सुलभ उपचार सुविधा मिल सकेगी।
इसी क्रम में संभागायुक्त आशीष सिंह और जिला कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की उपस्थिति में कैंसर अस्पताल स्थापना प्रस्ताव को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल के निर्माण, संचालन और प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में कैंसर उपचार से जुड़े विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीकों, उपचार पद्धतियों, आवश्यक संसाधनों और मानव संसाधन की उपलब्धता को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। विभिन्न संभावित मॉडल्स और संचालन ढांचे पर भी चर्चा की गई, ताकि अस्पताल को उच्चस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जा सके।
इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा निर्माणाधीन मेडिसिटी अस्पताल का स्थल निरीक्षण भी किया गया, जिसमें उपलब्ध अधोसंरचना और संसाधनों का आकलन करते हुए भविष्य की कार्ययोजना पर विचार किया गया। बैठक में कैंसर विशेषज्ञ डॉ. पेंढरेकर सहित अन्य विशेषज्ञ उपस्थित रहे। इसके अलावा श्री महाकाल मंदिर के प्रशासक प्रथम कौशिक और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रेयांश कुमट भी बैठक में शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित