उज्जैन , सितम्बर 19 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को कहा कि उज्जैन में स्थापित एपीआई इकाई देश की फार्मास्यूटिकल आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी।
डॉ. यादव ने आज उज्जैन के विक्रम उद्योगपुरी में जे.के. लाइफकेयर सेंटर्स प्राइवेट लिमिटेड की अत्याधुनिक एपीआई मैन्युफैक्चरिंग इकाई का पट्टिका अनावरण कर उद्घाटन करते हुए कहा कि यह इकाई आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के साथ आयात पर निर्भरता कम करने और भारत को वैश्विक फार्मा आपूर्ति में अग्रणी भूमिका निभाने में सक्षम बनाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने और निवेश के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का दौर है, लेकिन उज्जैन हमेशा से नेचुरल इंटेलिजेंस (एनआई) का प्रमुख केंद्र रहा है।
उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने जे.के. लाइफकेयर सेंटर्स की नवीन फार्मास्यूटिकल निर्माण इकाई की स्थापना पर बधाई देते हुए कहा कि यह इकाई मानवता और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित करेगी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को साकार करने में योगदान देगी।
उल्लेखनीय है कि जे.के. लाइफकेयर सेंटर्स द्वारा इस परियोजना में अब तक लगभग 50 करोड़ रुपये का निवेश किया गया है, जबकि भविष्य में लगभग 200 करोड़ रुपये तक निवेश प्रस्तावित है। यह इकाई अंतरराष्ट्रीय नियामक मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले एपीआई, एडवांस्ड इंटरमीडिएट्स, पेप्टाइड्स एवं बायोसिमिलर्स के निर्माण तथा सेवाओं के क्षेत्र में कार्य करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित