उज्जैन , फरवरी 21 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में भारतीय जनता पार्टी ने आज दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन के विरोध में कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया तथा संसद में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
भाजपा और भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि इस कृत्य के लिए कांग्रेस को पूरे राष्ट्र से माफी मांगनी चाहिए। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे और पुलिस बल भी तैनात रहा।
भाजपा नगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है और वैश्विक मंच पर मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है, लेकिन कांग्रेस और उसके समर्थक देश की छवि को धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अर्धनग्न होकर किया गया प्रदर्शन न केवल कांग्रेस बल्कि पूरे देश के लिए शर्मनाक है। इस प्रकार की गतिविधियों से राष्ट्र की प्रतिष्ठा प्रभावित होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब देश अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मान प्राप्त कर रहा है, उस समय कांग्रेस और उसके समर्थक देश को अपमानित करने का काम कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित