भिवानी , सितंबर 25 -- हरियाणा के भिवानी की आर्थिक अपराध शाखा ने उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक की शाखा में करीब 58 लाख रुपये की ऋण राशि में धोखाधड़ी के मामले में छठे आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान निपुण पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी रोहतक के रूप में हुई है। वह संबंधित अवधि में बैंक में ऋण अधिकारी के पद पर कार्यरत था।

पुलिस के अनुसार बैंक की भिवानी शाखा में ऋण प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायत थाना सिविल लाइन में मिली थी। जांच में सामने आया कि अप्रैल 2024 से मार्च 2025 के दौरान क्रेडिट अधिकारी अनिल ने आधार विवरण डाउनलोड कर 29 ऋण आवेदनों को ई-केवाईसी के माध्यम से प्रोसेस किया। इसके बाद कुछ आवेदकों के पते ऐसे दस्तावेजों में बदल दिए गए, जिनका सत्यापन संभव नहीं था।

जांच में भौतिक केवाईसी दस्तावेजों में हेराफेरी और बैंक रिकॉर्ड में आवेदकों के सत्यापन का गलत रिकॉर्ड तैयार करने की बात सामने आई। सत्यापन के दौरान कई आवेदक अपने पंजीकृत पते पर नहीं मिले। ऋण खातों में नकद राशि जमा करवाकर उन्हें बंद करने और ग्राहकों से व्यक्तिगत मुलाकात किए बिना मुलाकात का रिकॉर्ड तैयार करने के आरोप भी सामने आए।

पुलिस के मुताबिक इन अनियमितताओं से बैंक को करीब 58 लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई। पुलिस इस मामले में मुख्य क्रेडिट अधिकारी अनिल समेत पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित