देहरादून , जनवरी 27 -- उत्तराखंड उच्च शिक्षा विभाग को विज्ञान वर्ग के विभिन्न विषयों के 10 और प्रयोगशाला सहायक मिल गये हैं। राज्य लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित इन प्रयोगशाला सहायकों को विभागीय मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मंगलवार को नियुक्ति पत्र वितरित किये।

इस अवसर पर डॉ रावत ने सभी नव नियुक्त प्रयोगशाला सहायकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनसे विभागीय कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करने की उम्मीद जताई।

डॉ. रावत ने बताया कि राजकीय महाविद्यालयों में प्रयोगशाला सहायकों की नियुक्ति से विभिन्न विषयों में प्रायोगात्मक कक्षाओं का सुचारू संचालन होगा। छात्र-छात्राओं को प्रयोगशाला में विभिन्न प्रायोगिक कार्यों की सुविधा मिलेगी। जिससे उनमें अपने विषय की गहरी समझ, कौशल विकास और वास्तविक समस्याओं को हल करने की क्षमता में बढ़ेगी।

इस अवसर पर विधायक जागेश्वर मोहन सिंह महरा, संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. ए. एस. उनियाल, सहित अन्य विभागीय अधिकारी व नव नियुक्त प्रयोगशाला सहायक व उनके परिजन उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित