देहरादून/सतपुली , मई 10 -- उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अपने पौड़ी जनपद भ्रमण के दूसरे दिन रविवार को क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने राजकीय महाविद्यालय सतपुली में आयोजित भव्य कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में प्रदेश के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि सतपुली क्षेत्र लंबे समय से उच्च शिक्षा के लिए स्थायी एवं सुदृढ़ आधारभूत सुविधाओं की प्रतीक्षा कर रहा था, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को अपना स्थायी भवन मिलने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए दूसरे शहरों में नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें यहीं पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गांव और दूरस्थ क्षेत्रों तक शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसके लिये सरकार ब्लॉक स्तर पर बेहतर शिक्षण संस्थान खोल रही है।

उच्च शिक्षा मंत्री ने अपने भ्रमण के दौरान स्थानीय पॉलिटेक्निक कॉलेज के नवनिर्माणाधीन भवन का स्थलीय निरीक्षण किया। उस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं समयबद्ध पूर्णता को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित