श्रीगंगानगर , जून 18 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ उपखंड के सरदारपुरा लाडाना गांव में गुरुवार को अचानक विद्युत वोल्टेज बढ़ने से कई घरों और दुकानों में लगे बिजली उपकरण नष्ट हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस घटना से ग्रामीणों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पंखे, कूलर मोटर, टीवी, फ्रिज, प्रिंटर सहित कई महंगे घरेलू और इलेक्ट्रॉनिक सामान क्षतिग्रस्त हो गये। गांव के जंभेश्वर ई-मित्र संचालक विजय बिश्नोई ने बताया कि अचानक हाई वोल्टेज आने से उनकी दुकान में लगे प्रिंटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से धुआं निकलने लगा। उन्होंने तुरंत बिजली कनेक्शन बंद किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

गांव के अन्य कई परिवारों और दुकानदारों की यही स्थिति रही। कूलर, फ्रिज, टीवी और पंखे जलने की खबर पूरे गांव में फैलते ही लोगों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कुल पांच ट्रांसफार्मर स्थापित हैं, लेकिन विद्युत कनेक्शनों का वितरण पूरी तरह असंतुलित है। एक ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड पड़ने के कारण लंबे समय से क्षेत्र में उच्च वोल्टेज और कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर विद्युत विभाग को कई बार लिखित शिकायतें दी हैं, लेकिन विभाग ने स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

घटना के बाद प्रभावित परिवारों ने विद्युत विभाग से तत्काल नुकसान का सर्वेक्षण करवाने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित