जयपुर , जुलाई 30 -- राजस्थान उच्च न्यायालय में करीब चार वर्ष बाद वरिष्ठ अधिवक्ता पदनाम देने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गयी है और इस संबंध में अब उच्च न्यायालय की पूर्ण बैठक में 192 अधिवक्ताओं के आवेदनों पर विचार किया जाएगा।
बैठक में जांच समिति की सिफारिशों पर चर्चा के बाद योग्य अधिवक्ताओं को वरिष्ठ अधिवक्ता नामित करने का निर्णय लिया जाएगा। न्यायालय ने इसी वर्ष फरवरी में नये नियमों के तहत वरिष्ठ अधिवक्ता पदनाम के लिए आवेदन आमंत्रित किये थे। कुल 193 आवेदन 31 मार्च तक प्राप्त हुए थे, लेकिन एक अधिवक्ता द्वारा आवेदन वापस लेने के बाद अब 192 आवेदन विचाराधीन हैं। यह प्रक्रिया 2022 के बाद पहली बार हो रही है, जिससे अधिवक्ताओं में काफी उत्साह है।
राजस्थान उच्च न्यायालय वरिष्ठ अधिवक्ता पदनाम नियम, 2026 के तहत जांच समिति ने आवेदनों की जांच की है। अब अंतिम निर्णय पूर्ण न्यायालय करेगा।
वरिष्ठ अधिवक्ता का दर्जा विधिक क्षेत्र में प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जाता है और यह अधिवक्ता की योग्यता, अनुभव, न्यायिक योगदान और पेशेवर आचरण के आधार पर प्रदान किया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित