जयपुर , सितम्बर 26 -- राजस्थान में राजस्थान उच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की बैठक व्यवस्था और मामलों के आवंटन को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है।

मुख्य न्यायाधीश संजय के. अग्रवाल ने जयपुर पीठ और जोधपुर मुख्यपीठ के लिए नयी कार्यसूची जारी की है जो 28 सितंबर से लागू होगी। आधिकारिक सूत्रोंं ने शनिवार को बताया कि नयी कार्यसूची के तहत पूर्व में जयपुर और जोधपुर के बीच न्यायाधीशों की बैठक व्यवस्था में किये गये बदलाव वापस ले लिए गये हैं। जोधपुर से जयपुर और जयपुर से जोधपुर भेजे गये न्यायाधीश अब अपनी पूर्व निर्धारित पीठों में ही बैठकर मामलों की सुनवाई करेंगे।

नयी कार्यसूची के अनुसार न्यायमूर्ति फरजंद अली अब जोधपुर मुख्यपीठ में ही सुनवाई करेंगे। वहीं जयपुर पीठ के न्यायमूर्ति अशोक कुमार जैन, न्यायमूर्ति उमाशंकर व्यास और न्यायमूर्ति समीर जैन जयपुर पीठ में ही मामलों की सुनवाई करेंगे। पूर्व में इन न्यायाधीशों की बैठक व्यवस्था दूसरी पीठ में की गई थी।

कार्यसूची में जयपुर और जोधपुर दोनों पीठों पर जमानत और आपराधिक विविध याचिकाओं से जुड़े मामलों का आवंटन भी पूर्व व्यवस्था के अनुरूप किया गया है।

नयी कार्यसूची में मुख्य न्यायाधीश की जयपुर और जोधपुर में बदलती बैठक को ध्यान में रखते हुए पहले से व्यवस्था तय की गयी है। मुख्य न्यायाधीश जब एक पीठ में बैठेंगे, उस दौरान दूसरी पीठ में किन मामलों की सुनवाई होगी, यह भी कार्यसूची में पहले से निर्धारित रहेगा। इससे मुख्य न्यायाधीश की बैठक बदलने पर बार-बार कार्यसूची में बड़े बदलाव करने की आवश्यकता नहीं होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित