उदयपुर , सितम्बर 08 -- राजस्थान में पशुपालकों को पशुओं के लिए उच्च गुणवत्ता एवं सस्ती जेनेरिक दवाईयाँ उपलब्ध करवाने के लिये सहकारिता विभाग के माध्यम से संचालित सहकारी समितियों और प्रधानमंत्री किसान समृद्धि के केन्द्रों द्वारा पशु औषधि विक्रय केन्द्र खोले जाएंगे।

पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. लज्जाराम मीना ने मंगलवार को बताया की योजना के तहत राज्य स्तर पर 403 पशु औषधि विक्रय केन्द्र स्थापित किये जाएंगे, इनमें से 41 जिला मुख्यालय पर और 362 खण्ड मुख्यालय पर खोले जाएंगे।

उन्होंने बताया कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिये पशुपालन विभाग द्वारा जिला स्तर पर समिति गठित की गई है जो ऑन-लाइन आवेदन को निर्धारित मानदण्डों के आधार पर जाँच करके आवेदन को ऑन-लाइन पोर्टल के माध्यम से राज्य स्तरीय निगरानी समिति को भेजेंगी।

उसके पश्चात् निर्धारित प्रक्रिया के तहत पशु औषध विक्रय केन्द्र स्थापित किये जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित