रायगढ़ , अप्रैल 07 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में उच्चपिंडा स्थित आरकेएम पावर प्लांट में मंगलवार को ठेका कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्लांट के गेट नंबर 01 के सामने बड़ी संख्या में ठेका कर्मचारी एकत्रित हुए और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से वेतन वृद्धि नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारियों ने प्रबंधन पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द वेतन बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
फिलहाल मौके पर स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है और प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित