भोपाल , अगस्त 07 -- मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने कहा है कि उच्चदाब उपभोक्ताओं को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में नियुक्त रिलेशनशिप मैनेजर उपभोक्ताओं के साथ नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण में सहयोग कर रहे हैं।

कंपनी द्वारा आयोजित संवाद कार्यशाला में औद्योगिक उच्चदाब उपभोक्ताओं को विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं, डिजिटल सुविधाओं और उपभोक्ता सेवाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान टाइम ऑफ डे (टीओडी) रिबेट, पावर फैक्टर इंसेंटिव, अग्रिम भुगतान पर प्रोत्साहन तथा समय से पूर्व बिजली बिल भुगतान पर 0.25 प्रतिशत प्रोत्साहन सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

कार्यशाला में स्वचालित एवं पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था, डिजिटल टीडीएस (फॉर्म-16), ई-मेल, एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से बिल प्राप्त करने की सुविधा, ऑनलाइन भुगतान विकल्प, मीटर एवं बिलिंग डेटा की उपलब्धता तथा नियोजित विद्युत अवरोध की पूर्व सूचना जैसी सुविधाओं की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में वर्धमान फैब्रिक्स, सागर मैन्युफैक्चरर, नाहर पॉलीफिल्म्स, नाहर स्पिनिंग, वर्धमान यार्न्स, एनटीपीसी, बीएचईएल, अनंत स्पिनिंग तथा क्रेडाई (भोपाल) के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर विद्युत सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं उपभोक्ता-केंद्रित बनाने के संबंध में सुझाव दिए।

संवाद कार्यशाला के दौरान सहभागी औद्योगिक उच्चदाब उपभोक्ताओं को मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की ओर से स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कंपनी के अनुसार कार्यशाला का उद्देश्य औद्योगिक उपभोक्ताओं के साथ सतत संवाद स्थापित कर उनकी आवश्यकताओं, सुझावों और समस्याओं के समाधान की दिशा में समन्वय बढ़ाना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित