हरिद्वार/देहरादून , नवम्बर 25 -- उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट का मंगलवार शाम निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। उन्होंने अपने हरिद्वार स्थित आवास "तरुण हिमालय" पर अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार बुधवार सुबह दस बजे खड़खड़ी घाट पर होगा।
वह उत्तराखंड राज्य आंदोलन के लिए बने उक्रांद के संस्थापकों में से एक थे। उन्हें पार्टी का फील्ड मार्शल कहा जाता था। लगभग 79 वर्षीय श्री भट्ट अपने पीछे एक पुत्र, पुत्रवधु और दो पोती, एक पोते का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके देहावसान पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मंत्री गणेश जोशी, सुबोध उनियाल, कांग्रेस, राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी और उक्रांद के विभिन्न नेताओं ने अपनी संवेदना व्यक्त की हैं।
दिवंगत भट्ट वर्ष 1999 से 2003 तक उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष पद पर रहे। उनके नेतृत्व में पार्टी ने राज्य गठन के बाद पहली विधानसभा के चुनाव में वर्ष 2002 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। जिसमें उक्रांद के चार विधायक चुने गए थे। श्री भट्ट ने पहली बार 2007 के विधानसभा चुनाव में देवप्रयाग से चुनाव लड़ा और जीता। वह पहली बार विधानसभा पहुंचने के साथ ही कैबिनेट मंत्री भी बने। पांच साल तक भाजपा की सरकार में मंत्री रहते श्री भट्ट ने वर्ष 2012 का चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ा। लेकिन वह चुनाव हार गए। अगली बार भाजपा ने उन्हें 2017 के चुनाव में प्रत्याशी नहीं बनाया। इस पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और हार गए। इस बीच पार्टी से बगावत के चलते भाजपा ने उनको 6 साल के लिए पार्टी से बाहर कर दिया।
श्री भट्ट इसके बाद फिर उक्रांद में शामिल हो गए। वह पिछले लंबे समय से बीमार होने के कारण देहरादून के महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती थे। जहां से सोमवार को चिकित्सकों ने उन्हें हरिद्वार उनके घर भेज दिया, जहां आज शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री दिवाकर भट्ट के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से पुण्यात्मा को श्री चरणों में स्थान देने तथा शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि श्री भट्ट के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है, राज्य निर्माण आंदोलन से लेकर जन सेवा के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए कार्य सदैव अविस्मरणीय रहेंगे। भाजपा अध्यक्ष, सांसद महेंद्र भट्ट, कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, उपाध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह , राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी के अध्यक्ष शिवप्रसाद सेमवाल, उक्रांद की वरिष्ठ नेता प्रमिला रावत सहित विभिन्न नेताओं ने भी उनके निधन पर अपनी संवेदना व्यक्त की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित