भोपाल , अक्टूबर 28 -- मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा है कि ई-विधान सभा व्यवस्था से सदन के कामकाज में दक्षता और पारदर्शिता बढ़ेगी तथा जनता की समस्याओं को व्यापक स्तर पर सरकार तक पहुंचाने और उनके निराकरण में मदद मिलेगी। ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने के बाद विधानसभा के एक सत्र में विधायकों के प्रश्नों की संख्या औसतन 700 से बढ़कर करीब चार हजार तक पहुंच गई है। ये प्रश्न विधायकों के क्षेत्रों की समस्याओं और जनता की आवाज को सामने लाते हैं।
तोमर ने बुधवार को राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (नेवा) के अंतर्गत विधायकों के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश विधानसभा के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है और अगला सत्र पेपरलेस होगा। तकनीक के उपयोग से समय की बचत के साथ कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता भी बढ़ाई जा सकती है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया और स्किल इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया है। डिजिटल व्यवस्था के जरिए किसान सम्मान निधि और लाड़ली बहना योजना जैसी योजनाओं की राशि सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंच रही है, जिससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने और पारदर्शिता बढ़ाने में मदद मिली है।
तोमर ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि केंद्र सरकार में मंत्री रहते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से तकनीक के उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त किया था। प्रधानमंत्री ने उन्हें उपलब्ध संसाधनों, अधिकारियों और प्रशिक्षित लोगों की मदद से तकनीक अपनाने की सलाह दी थी। उन्होंने कहा कि इसी प्रेरणा से उन्होंने तकनीकी कार्यों को आगे बढ़ाया और इसके सकारात्मक परिणाम मिले।
उन्होंने बताया कि लोकसभा, राज्यसभा और देश की सभी विधानसभाओं की कार्यवाही को एक साझा डिजिटल मंच पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नेवा योजना तैयार की गई थी। संसदीय कार्य मंत्री रहते हुए उन्होंने इसके क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभाली थी। मध्यप्रदेश विधानसभा में भी इस संबंध में विचार-विमर्श किया गया और अब सदन राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन से जुड़ने जा रहा है।
कार्यक्रम में लोक लेखा समिति के अध्यक्ष भंवर सिंह शेखावत, प्राक्कलन समिति के अध्यक्ष अजय विश्नोई, विधानसभा के प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा, प्रशिक्षण के लिए आए अमित जैन सहित विधायक और उनका स्टाफ उपस्थित था। शेखावत ने नेवा के उपयोग को बेहतर बनाने के सुझाव दिए, जबकि विश्नोई ने इसकी विषयवस्तु और महत्व पर प्रकाश डाला। प्रमुख सचिव अरविंद शर्मा ने स्वागत भाषण दिया। प्रशिक्षण कार्यक्रम के पहले सत्र में विभिन्न विधायकों ने भाग लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित