भिण्ड , सितंबर 15 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड में ई-रिक्शा में सवारी बनकर बैठीं तीन महिलाओं ने रास्ते में एक महिला के गले से मंगलसूत्र झपट लिया। वारदात इटावा रोड स्थित 17 बटालियन गेट के पास हुई। मंगलसूत्र टूटने के बाद महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने भाग रही महिलाओं का पीछा किया और एक संदिग्ध महिला को पकड़ लिया। उसे सिटी कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस उसकी दो अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार मातादीन का पुरा निवासी बाबी जाटव अपनी जेठानी शिवानी, देवरानी बसंती और बच्चों के साथ ई-रिक्शा से फूप के जाजेका पुरा में मोरछठ कार्यक्रम में जा रही थीं। इसी दौरान इंदिरा गांधी चौराहे से तीन महिलाएं ई-रिक्शा में सवार हुईं। उन्होंने चालक से बच्चों की दवा लेने की बात कही और कुछ देर बाद लौटने की बात बताई।

ई-रिक्शा के 17 बटालियन गेट के पास पहुंचते ही तीनों में से एक महिला ने मौका देखकर बाबी के गले पर झपट्टा मारा और मंगलसूत्र तोड़ लूटकर भागने लगी। बाबी के शोर मचाने पर आसपास के लोग सक्रिय हो गए और भाग रही महिला का पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसी बीच उसकी दोनों साथी महिलाएं मौके से निकल गईं।

पुलिस के अनुसार मंगलसूत्र करीब छह ग्राम का था, जिसमें आठ सोने के मोती लगे थे। घटना के बाद तीन मोती गायब मिले हैं। महिला ने इसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई है।

भिण्ड टीआई मुकेश शाक्य ने बताया कि मंगलसूत्र झपटने की सूचना पर एक संदिग्ध महिला को पकड़ा गया है। उससे पूछताछ कर घटना में शामिल अन्य महिलाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित