नयी दिल्ली , जुलाई 21 -- साइबर सुरक्षा पर सरकार की नोडल एजेंसी इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (सीईआरटी-इन) ने ई-रिक्शा की बैटरी बंद करने वाले ऐप प्ले स्टोर से हटाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से अनुरोध किया है।
भारी उद्यम राज्य मंत्री भूपतिराजू एस. वर्मा ने मंगलवार को लोकसभा में एक अतारांकित प्रश्न के लिखित उत्तर में बताया कि सीईआरटी-इन को कुछ शिकायतें मिली हैं जिसमें ई-रिक्शा की सुरक्षा को लेकर चिंता जतायी गयी थी। उनमें बताया गया है कि मोबाइल ऐप के जरिये अवैध तौर पर चलते हुए ई-रिक्शा को रोकना संभव है।
श्री वर्मा ने बताया कि यह समस्या बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (बीएमएस) चिप के ब्लूटूथ मॉड्यूल से जुड़ी हुई है। सस्ते ई-रिक्शा के बीएमएस में डिफॉल्ट क्रिडेंशियल होते हैं या होते ही नहीं हैं। इसके कारण बीएमएस की सेटिंग में अवैध रूप से बदलाव करना या बैटरी को बंद करना संभव है।
उन्होंने बताया कि सीईआरटी-इन ने इन मोबाइल ऐप की पहचान कर ली है और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से उन्हें प्ले स्टोर हटाने का अनुरोध किया है। इसके अलावा, भारी उद्यम मंत्रालय ने भी वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम, वाहनों के कलपुर्जे बनाने वाली कंपनियों के संगठन एकमा और टेस्टिंग एजेंसियों के लिए मशविरा जारी कर उनसे इस समस्या का समाधान करने के लिए कहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित