नयी दिल्ली , जून ०७ -- ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित 51वें ऑल इंडिया गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट (रजि.) 2026 के ग्रुप-ए लीग मुकाबले में खुशाल क्रिकेट क्लब को रविवार को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए खुशाल क्रिकेट क्लब ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाए। कुनाल ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 79 रन (36 गेंद, 7 चौके, 5 छक्के) बनाए, जबकि विकास सोलंकी और ऋषभ ड्राल ने 35-35 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। ईस्ट दिल्ली राइडर्स की ओर से गेंदबाजी में अंकित डबास सबसे सफल रहे और उन्होंने 2 विकेट हासिल किए। वहीं लवनीश, आत्रेय त्रिपाठी, रोहन राठी और अजय राणा ने एक-एक विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

209 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए केवल 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। वंश मेहरा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 34 गेंदों में 93 रन बनाए, जिसमें 9 चौके और 8 छक्के शामिल रहे। सुजल सिंह ने 37 गेंदों में 84 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि हार्दिक शर्मा 30 रन बनाकर नाबाद लौटे और टीम को जीत दिलाई। खुशाल क्रिकेट क्लब की ओर से जसकरण ने 2 विकेट लिए, लेकिन ईस्ट दिल्ली राइडर्स के बल्लेबाजों के सामने उनकी गेंदबाजी असरदार साबित नहीं हो सकी।

गोस्वामी गणेश दत्त मेमोरियल सोसाइटी (रजि.) के महासचिव विशाल कात्याल एवं मनीष सहगल द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।

मैन ऑफ द मैच: वंश मेहरा - 34 गेंदों में 93 रन।

फाइटर ऑफ द मैच: कुनाल - 36 गेंदों में नाबाद 79 रन।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित