भुवनेश्वर , सितंबर 26 -- पूर्व तटीय रेलवे के रायगड़ा मंडल में मलीगुड़ा और छतरीपुट स्टेशनों के बीच भूस्खलन के कारण ट्रेन सेवाएं बाधित हो गयी हैं जिससे कई ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से निरस्त और उनके शुरुआती स्टेशनों में बदलाव किया गया है।

एहतियाती उपाय के तौर पर और प्रभावित रेल खंड पर मरम्मत कार्य को सुगम बनाने के लिए ईस्ट कोस्ट रेलवे ने कई ट्रेन सेवाओं को रद्द किया है और कुछ अन्य के परिचालन में कटौती की है।

पूर्व तटीय रेलवे के सूत्रों के अनुसार, गाड़ी संख्या 18107 राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस 26 सितंबर को रद्द रहेगी। इसके अलावा 27 सितंबर को गाड़ी संख्या 58502 किरंदुल-विशाखापत्तनम पैसेंजर, 58501 विशाखापत्तनम-किरंदुल पैसेंजर, 18516 किरंदुल-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस, 18515 विशाखापत्तनम-किरंदुल एक्सप्रेस, 18108 जगदलपुर-राउरकेला एक्सप्रेस और 18107 राउरकेला-जगदलपुर एक्सप्रेस रद्द रहेंगी।

हावड़ा से 25 सितंबर को रवाना हुई गाड़ी संख्या 18005 हावड़ा-जगदलपुर एक्सप्रेस को कोरापुट में ही समाप्त कर दिया जाएगा और कोरापुट तथा जगदलपुर के बीच इसकी सेवा रद्द रहेगी। इसी तरह, 27 सितंबर को जगदलपुर से चलने वाली गाड़ी संख्या 18006 जगदलपुर-हावड़ा एक्सप्रेस जगदलपुर के बजाय कोरापुट से अपनी यात्रा शुरू करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित