कोलकाता , मई 14 -- पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्धमान जिले में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) की परासिया कोलियरी में गुरुवार को हुए एक विस्फोट में एक कोयला श्रमिक की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

यह घटना भूमिगत कोयला खदान में काम की पहली पाली के दौरान हुई, जब घटनास्थल के पास लगभग 40 कोयला खनिक काम कर रहे थे।खदान बचाव दल को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया। ईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी भी केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) और स्थानीय पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंच गये हैं। घटना की जानकारी मिलते ही खान में फंसे हुए खनिकों के परिजन घटनास्थल पर जमा हो गए ।

घायलों में से कुछ को ईसीएल के पास के बंसा अस्पताल ले जाया गया, जबकि अन्य को इलाज के लिए कल्ला सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया। यह घटना कुनुस्तोरिया क्षेत्र के अंतर्गत परासिया कोलियरी के सेक्शन नंबर 27 में हुई। खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) इस दुर्घटना की जांच करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित