नयी दिल्ली , जुलाई 07 -- पश्चिम एशिया संकट के दौरान शुरू की गयी आपातकालीन क्रेडिट लाइन गारंटी योजना (ईसीएलजीएस) 5.0 के तहत अबतक कुल 1.55 लाख करोड़ रुपये की राशि पर 4.11 लाख गारंटी दी जा चुकी है।

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पश्चिम एशिया संकट के बीच घरेलू सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) और अन्य उद्योगों के लिए पूंजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 05 मई को इस योजना को मंजूरी प्रदान की थी। इसके तहत प्रभावित व्यवसायों को त्वरित रूप से व्यापक स्तर पर नकदी सहायता प्रदान की जा रही है। योजना ऋण देने वाली संस्थाओं के लिए जोखिम घटाने और ऋण लेने वालों को अतिरिक्त ऋण प्रदान करने के उद्देश्य से बनायी गयी है।

इस योजना में एमएसएमई के अतिरिक्त ऋणों पर 100 प्रतिशत और अन्य व्यावसायिक क्षेत्रों पर 90 प्रतिशत की गारंटी प्रदान करके वित्तीय संस्थानों को अधिक आत्मविश्वास के साथ ऋण देने में सक्षम बनाया गया है।

वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि योजना के शुभारंभ के बाद से ईसीएलजीएस 5.0 के अंतर्गत 4,11,497 गारंटी जारी की गयी है जिसमें गारंटीकृत राशि 1,55,229 करोड़ रुपये तक पहुंच गयी है। इनमें से 98 प्रतिशत गारंटी एमएसएमई को जारी की गयी है। राशि के आधार पर एमएसएमई की हिस्सेदारी 82 प्रतिशत है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित