पटना , जुलाई 13 -- ेश के पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स)पटना को औपचारिक रूप से पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध किया गया है। यह पहल बिहार तथा पड़ोसी राज्यों के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए उन्नत एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।

इस अवसर पर आयोजित समारोह में एम्स पटना के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रशांत कुमार सिंह तथा कर्नल अरुण लाल, निदेशक, क्षेत्रीय केंद्र, ईसीएचएस, पटना ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। यह हस्ताक्षर एम्स पटना के कार्यकारी निदेशक प्रो. (ब्रिगेडियर) डॉ. राजू अग्रवाल तथा ब्रिगेडियर अमित बेदी, उप जनरल ऑफिसर कमांडिंग, बिहार एवं झारखंड सब एरिया की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।

समारोह में उप निदेशक (प्रशासन) निलोत्पल बल, डीन (शैक्षणिक) प्रो. पूनम प्रसाद भदानी, डीन (अनुसंधान) डॉ. संजय पांडे, क्षेत्रीय केंद्र, ईसीएचएस, पटना के वरिष्ठ अधिकारी तथा एम्स पटना के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

एम्स पटना का ईसीएचएस नेटवर्क में शामिल होना पूर्व सैनिक समुदाय को उन्नत, किफायती एवं साक्ष्य आधारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के रूप में एम्स पटना पूर्वी भारत में तृतीयक एवं चतुर्थक स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं का अग्रणी केंद्र बन चुका है जहां विश्वस्तरीय चिकित्सकीय विशेषज्ञता, अत्याधुनिक आधारभूत संरचना, आधुनिक तकनीक और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध है।

अब तक बिहार के अनेक ईसीएचएस लाभार्थियों को सुपर स्पेशियलिटी उपचार के लिए महानगरों की यात्रा करनी पड़ती थी। एम्स पटना के ईसीएचएस नेटवर्क से जुड़ने के बाद पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को अपने ही क्षेत्र में व्यापक सुपर स्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित