ऋषिकेश , मई 16 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नगर निगम ऋषिकेश द्वारा एक प्रेरणादायी पहल की गई। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ईंधन बचत संबंधी अपील से प्रेरणा लेते हुए महापौर शम्भू पासवान शनिवार को अपने आधिकारिक वाहन के बजाय इलेक्ट्रिक (ईवी) स्कूटर से नगर निगम कार्यालय पहुंचे।
महापौर की इस पहल को नगर निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने सराहा। कार्यालय परिसर में उन्हें ईवी स्कूटर से पहुंचता देख कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस पहल का उद्देश्य शहर में बढ़ते प्रदूषण को कम करने, पेट्रोल-डीजल की खपत घटाने तथा आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना बताया गया।
इस अवसर पर महापौर पासवान ने कहा कि ऋषिकेश एक धार्मिक एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी है, जहां स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के छोटे-छोटे प्रयास अपनी दिनचर्या में शामिल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को बेहतर और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित