तेहरान , अप्रैल 16 -- ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि देश पर थोपे गए "गैरकानूनी युद्ध के निर्णायक और स्थायी अंत की शर्तें" उनकी प्राथमिकता हैं और अमेरिकी मीडिया में उसके रुख को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, "ईरान की स्थिति को अमेरिकी मीडिया गलत ढंग से प्रस्तुत कर रहा है। हम पाकिस्तान के प्रयासों के लिए आभारी हैं और हमने कभी इस्लामाबाद जाने से इनकार नहीं किया। हमारे लिए अहम यह है कि हम पर थोपे गए इस गैरकानूनी युद्ध का निर्णायक और स्थायी अंत किन शर्तों पर होगा।"श्री अराघची ने बुधवार को तेहरान में पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मुलाकात के दौरान यह बात कही। उन्होंने अमेरिका-ईरान वार्ता की मेजबानी के लिए पाकिस्तान का आभार भी जताया।

उच्चस्तरीय राजनीतिक-सुरक्षा प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे श्री मुनीर के साथ पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय, सुरक्षा संस्थानों और तकनीकी विशेषज्ञों के प्रतिनिधि भी शामिल थे।

श्री अराघची ने एक्स पर पोस्ट में कहा, "संवाद की मेजबानी के लिए पाकिस्तान का आभार व्यक्त किया, जो हमारे गहरे द्विपक्षीय संबंधों को दर्शाता है। क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता मजबूत और साझा है।"अमेरिका का संदेश लेकर पाकिस्तान का यह उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल तेहरान में ईरानी अधिकारियों से बातचीत कर रहा है, ताकि अमेरिका और ईरान के बीच वार्ता का नया दौर शुरू किया जा सके और पश्चिम एशिया में लगभग सात सप्ताह से जारी तनाव को कम किया जा सके।

सात अप्रैल से लागू दो सप्ताह का अस्थायी युद्धविराम 22 अप्रैल को समाप्त होने वाला है। प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य अमेरिकी संदेश ईरानी नेतृत्व तक पहुंचाना और वार्ता के अगले दौर की रूपरेखा तैयार करना है। इससे पूर्व, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने पुष्टि की थी कि तेहरान पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल की मेजबानी करेगा और अमेरिका तथा ईरान के बीच अप्रत्यक्ष संदेशों का आदान-प्रदान जारी है। इस बीच, अमेरिकी सेना ने ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखी है और "अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए तैयार" होने की बात कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित