वाशिंगटन/ तेहरान , अप्रैल 18 -- अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को दावा किया कि ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर कभी बंद न करने पर सहमत हो गया है जबकि ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकाबंदी जारी रखता है तो वह जलडमरूमध्य को बंद कर देगा।
श्री ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा, " अब इसका (होर्मुज का) इस्तेमाल दुनिया के खिलाफ हथियार के रूप में नहीं किया जाएगा। दुनिया के लिए एक महान और शानदार दिन।"दूसरी ओर, ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगर ग़ालिबाफ़ ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य से आवागमन तेहरान की अनुमति से ही होगा।
ईरान की यह चेतावनी श्री ट्रंप के उस बयान के कुछ घंटों बाद आयी है, जिसमें उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य 'पूरी तरह से खुला' है और व्यापार के लिए तैयार है, लेकिन ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकाबंदी पूरी तरह से लागू रहेगी।
श्री ट्रंप ने यह भी दावा किया कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग होर्मुज जलडमरूमध्य के खुलने से 'बहुत खुश' हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा, " चीन में राष्ट्रपति शी से हमारी मुलाकात विशेष और संभवतः ऐतिहासिक होगी। मैं राष्ट्रपति शी के साथ मुलाकात के लिए उत्सुक हूं, इसमें बहुत कुछ हासिल किया जाएगा। "श्री ट्रम्प 14 से 15 मई तक चीन की यात्रा पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि ईरान ने यह भी घोषणा की है कि होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से खुला है और सभी जहाजों के आवागमन के लिए तैयार है।
श्री ट्रम्प ने कहा, "होर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह से खुला है और सभी जहाजों के आवागमन के लिए तैयार है लेकिन ईरान के संबंध में नौसैनिक नाकाबंदी तब तक लागू रहेगी जब तक ईरान के साथ हमारा समझौता शत-प्रतिशत पूरा नहीं हो जाता।"उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य की स्थिति समाप्त होने के बाद, उन्हें नाटो से मदद की पेशकश करते हुए एक कॉल आया था। श्री ट्रम्प ने कहा, " मैंने उनसे दूर रहने को कहा था, जब तक कि वे सिर्फ अपने जहाजों में तेल भरना न चाहें। जरूरत पड़ने के समय वे काम नहीं आये, एक कागज़ी शेर हैं।"उन्होंने सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कतर को उनकी 'महान बहादुरी और मदद' के लिए धन्यवाद दिया।
श्री ट्रंप ने जोर देकर कहा कि यह समझौता किसी भी तरह से लेबनान से जुड़ा नहीं है। ".लेकिन हम लेबनान को फिर से महान बनाएंगे।" उन्होंने कहा कि ईरान ने अमेरिका की मदद से सभी समुद्री बारुदी खदानें हटा दी हैं या फिर वह हटा रहा है।
श्री ट्रंप ने न्यूयॉर्क टाइम्स और सीएनएन समेत अमेरिकी मीडिया पर फिर से हमला करते हुए कहा कि उन्हें" समझ नहीं आ रहा कि क्या करें। वे ईरान की स्थिति पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आलोचना करने का बहाना ढूंढ रहे हैं, लेकिन उन्हें मिल नहीं रहा। वे सही समय पर बस इतना क्यों नहीं कह देते, 'राष्ट्रपति महोदय, आपने अच्छा काम किया है, और वे अपनी विश्वसनीयता वापस हासिल करना शुरू कर दें। "इसी से संबंधित एक अन्य घटनाक्रम में, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) नौसेना ने एक बयान जारी कर जलडमरूमध्य से जहाजों के आवागमन के संबंध में एक नया आदेश जारी किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित