नयी दिल्ली , फरवरी 28 -- ईरान पर अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई से उत्पन्न स्थिति को देखते हुए पश्चिम एशिया स्थित सात देशों ईरान, इजराइल ,कतर, सऊदी अरब, बहरीन, जॉर्डन और कुवैत स्थित भारतीय दूतावासों ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को अत्यधिक सावधानी बरतने की सलाह दी है और आपात स्थिति में दूतावासों से आपात टेलीफोन नम्बरों तथा इमेल पर संपर्क करने को कहा है।
इनमें से कई दूतावासों ने पिछले कुछ दिनों में ईरान , इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव को देखते हुए भारतीय नागरिकों को इन देशों से चले जाने की सलाह दी थी।
ईरान की राजधानी तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने परामर्श में कहा है, " बदलते घटनाक्रम के मद्देनजर ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को अत्यंत सावधानी बरतने, अनावश्यक आवाजाही से बचने और यथासंभव घरों के भीतर रहने की सलाह दी जाती है।"परामर्श में संबंधित समाचारों पर नजर रखते हुए स्थिति के बारे में जागरूक रहने और दूतावास की ओर से अगले आदेश की प्रतीक्षा करने की भी सलाह दी गयी है। लोगों से आपात स्थिति में 989128109115, 989128109109, 989128109102 और 989932179359 पर संपर्क करने के लिए कहा गया है।
इजरायल के तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने क्षेत्र की मौजूदा सुरक्षा स्थिति को देखते हुए इजरायल में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को बेहद सावधानी बरतने और हमेशा सजग रहने की सलाह दी है। उनसे स्थानीय सरकार के निर्देशों का पालन करने तथा चिह्नित शरणस्थलों के पास रहने के लिए कहा गया है।
दूतावास ने कहा है कि भारतीय नागरिकों को अगले नोटिस तक इजरायल के भीतर किसी भी तरह की गैर-जरूरी यात्रा से बचना चाहिये। उनसे स्थानीय समाचारों, आधिकारिक घोषणाओं और आपात अलर्ट पर नजर रखने के लिए कहा गया है।
किसी भी आपात स्थिति के लिए दो हेल्पलाइन नंबर 972-54-7520711 और 972-54-2428378 जारी किये गये हैं।
सऊदी अरब में रियाद तथा जेद्दा स्थित वाणिज्य दूतावास ने कहा है कि वे सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं और आवश्यकता पड़ने पर समय-समय पर न जानकारी एवं परामर्श जारी करेंगे। आपात स्थिति में दिन - रात काम करने वाले इन नंबरों 00-966-11-4884697, 00-966-542126748 (केवल व्हाट्सऐप), 800 247 1234 (टोल-फ्री) और ईमेल cw.riyadh@mea.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।
बहरीन में भारतीय दूतावास ने कहा है कि दूतावास में सामान्य काम हो रहा है और भारतीय नागरिक किसी भी समय इस टेलिफोन नम्बर 00973-39418071 पर संपर्क कर सकते हैं।
जार्डन में भारतीय दूतावास ने भी कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में दूतावास से 00962-770 422 276 पर संपर्क किया जा सकता है।
कुवैत में भी भारतीय दूतावास सामान्य रूप से काम कर रहा है और भारतीय नागरिक दूतावास के टेलिफोन नम्बर 96565501946 पर संपर्क कर सकते हैं।
कतर की राजधानी दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि सभी भारतीय नागरिकों को उचित सावधानी बरतने तथा दूतावास और स्थानीय प्राधिकरणों द्वारा समय-समय पर जारी समाचार और परामर्शों का पालन करने की सलाह दी जाती है। भारतीय नागरिक दिन-रात काम करने वाले हेल्पलाइन नंबर 00974-55647502 और दूतावास के ईमेल cons.doha@mea.gov.in पर संपर्क कर सकते हैँ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित